Sunday, June 3, 2012

अंतिम यात्रा


शहर की गली से होकर,
सजी धजी नए कपडे पहने,
आराम से लेटी एक यान पर,
वह तय करने जा रही है अपनी 
अंतिम यात्रा

पीछे एक शांत जुलूस है ,
शांति के बीच एक दो स्वर उठते हैं,
पड़ोस वाली सिन्हा आंटी कहती हैं,
"बड़ी कुशल गृहणी थी,
सारा दिन बच्चों के पीछे और
घर के कामो में लगी रहती थी".
रुमाल से नम हुई आँखों को पोछती,
पाण्डेय जी की पत्नी कहती हैं,
"पति का भी बड़ा ख्याल रखती थी".
और भी तारीफों के शब्द,
लोगो के समुद्र रूपी ह्रदय से,
मोतियों की तरह निकल रहे हैं.
और वह आँख मूंदे,
गहरी नींद में सोई,
तय करने जा रही है अपनी-
अंतिम यात्रा
गली से गुजरते जुलुस को,
निहारती छतो पर लोगो की भीड़-
सोचती है,
वह कितनी खुशकिस्मत होगी,
जिसके पीछे लोगो का हुजूम चला है.
और वह ख़ुशी और दुःख से परे,
लौट जाती है अतीत में,
जयादा पीछे नहीं,
बस यही कोई छः घंटे पहले...
कुशल गृहणी का फ़र्ज़ निभाते हुए,
वह रोज के कामो में लगी थी,
अचानक तेज़ हवा चली थी,
छत पर कपडे रखे हैं,  सूखने के लिए.
इस बात का ख्याल आते ही,
वह सरपट सीढियाँ चढ़ी थी.
हवा में उड़ते हुए बेटे की कमीज़ को,
उसने अपने हाथो में थामा था,
तभी छत से गुजरता हुआ बिजली  का तार
नीचे आ गिरा था,
हवायें चलनी बंद हो गई,
आखो के आगे अँधेरा छा गया,
सब कुछ बिलकुल शांत, स्थिर...
 .......
 ..............
बच्चे स्कूल से वापस आये,
खुद ही खाना निकाला और खाया.
बेटी ने एक बार याद भी किया,
"ये मम्मी पता नही कहाँ चली गई है"?
"अरे सिन्हा आंटी के यहाँ गई होगी".
बेटे ने टी. वी. ऑन करते हुए कहा.
शाम को जब पति घर आये,
आँफिस को  भी संग लायें,
ब्रीफ केश से फ़ाइल निकलते हुए,
चहरे पर गुस्सा तैर रहा था.
बच्चो को टी. वी. के पास बैठा देख
पत्नी पर झल्लाएं,
"पता नहीं मैडम बच्चो को अकेला छोड़
कहाँ सैर करने गई हैं"?
बच्चो ने टी. वी. बंद किया,
और अपनी अपनी किताबे खोल-
चुप चाप बैठ गए.
सब अपने अपने काम में लग गए,
पर सब के जेहन में वही थी
और वह यम के इंतज़ार में छत पर पड़ी थी.

Wednesday, March 28, 2012

कदमो की मंजिल- रास्ते

सपनो के पीछे भागता इंसान,
जितना मंजिल के करीब जाता है,
मंजिल उससे उतनी दूर होती जाती है.
कदम फिर भी आगे बड़ते हैं,
इंसान की मंजिल जो भी हो,
कदमो की तो एक ही मंजिल है-
रास्ते...
रास्ते जो उसे जीवन का
एहसास करते है,
रास्ते जो उसकी कड़ी परीक्षा
लेते हैं,
और एक विशवास जागते है,
जब तक इंसान है,
उसके सपने हैं,
मंजिल है,
और उस तक पहुचने को-
रास्ते हैं,
और जब तक कदम चलते हैं,
इंसान सही मायनो में जिन्दा है.

Saturday, March 3, 2012

एक कहानी लिखूं

एक कहानी लिखूं 
नानी की परियों वाली 
कहानी लिखूं 
या
नन्ही हाथो ने जो बनाये थे 
वो रेत के महल लिखूं
एक मासूम सी कहानी लिखूं

एक कहानी लिखूं 
वो गुजरा हुआ कल लिखूं 
या ठहरा हुआ पल लिखूं 
या 
उसकी पहली नजर लिखूं  
या पहले प्यार का पहला 
नजराना लिखूं
एक प्रेम कहानी लिखूं 

एक कहानी लिखूं 
वो शहर लिखूं 
अनगिनत सपने लिखूं 
या 
गाड़ियों का शोर और 
मंजिल के  पीछे भागते 
इन्सान लिखूं
आकाँक्षाओं से भरी 
एक कहानी लिखूं

Thursday, January 19, 2012











देखा है मैंने, 
शब्दों को नन्हीं हाथो में जाते हुए. 
दायें बायें, आगे पीछे, 
मुड़ते हुए.
एक आकर लेते हुए. 
हाँ देखा है मैंने, 
शब्दों को पानी पे तैरते हुए... 

Tuesday, December 27, 2011

आज जश्न है












रात के अँधेरे में 
दूर कहीं एक जंगल में
 एक लाश जल रही थी
 चाँद की रोशनी उस पर
 स्पाट लाइट की तरह पड़ रही थी
 झींगुर संगीत बजा रहे थे, 
उस लाश के चारो ओर
 मुर्दे निर्वस्त्र होकर नाच रहे थे,
 आज जश्न है
आज जश्न है
कह उस आदमी को बुला रहे थे
 जो अभी अभी लाश में तब्दील हुआ था, 

ज्यों ज्यों रात बढ रही थी 
अंगीठियाँ सुलग कर 
और लाल हो रही थी
 उन लाल अंगीठियों को देख
 एक ततैया आकर्षित हो गई.
अपने पंखो को फैला 
ख़ुशी से झूमती
 हवा में उड़ती
अंगीठियों को चूमने चली,
 लाश ने उसे रोकना चाहा
 शायद आवाज भी लगाई
पर झींगुर के संगीत में 
ओर मुर्दों की मौज में
 उसकी आवाज दब गई
 ज्यूँ ही ततैया अंगीठियों के करीब आई
उसके पंख झुलस गए,
 वह ज़मीन पर गिर तड़पने लगी
 जोर जोर से कराहने लगी 
मुर्दों ने देखा उसकी आँखों में
 आंसू भरे थे
 झींगुर भी बगल में चुप चाप खड़े थे
 और लाश
 लाश का क्या है,
 वो तो पहले भी जल रही थी, 
 जंगल में एकदम से सन्नाटा पसर गया
 फिर...
 फिर क्या
 झींगुर एक बार फिर संगीत बजाने लगे 
मुर्दे नाचने लगे 
आज जश्न है
आज जश्न है
कह ततैया को बुलाने लगे...

Saturday, December 3, 2011

पगडंडी




पगडंडी जो जाती है
गाँव से शहर की ओर
बनी है
इच्छाओं से
सपनो से
उम्मीदों से
और अवसर के
अभाव से...

Monday, November 7, 2011

सफ़र










ना कभी किसी इलाके से-
इश्क़ किया,
ना कभी किसी बस्ती ने-
अपना कहा.
कुछ पल, 
कुछ लोगो के साथ बैठे,
उनसे बोला, 
उनसे  बतियाये  और
उनकी यादों को समेट ...  
आगे बढ गए.